RPSC Exam Alert: 19 अप्रैल को जयपुर में होगी दो बड़ी परीक्षाएं,ओएमआर उत्तर पत्रक के 5वें विकल्प के लिए मिलेंगे अतिरिक्त 10 मिनट, जानें गाइडलाइन्स
आरपीएससी की पशु चिकित्सा अधिकारी व सहायक कृषि अभियंता परीक्षा 19 अप्रैल को जयपुर में दो पारियों में होगी। ओएमआर के 5वें विकल्प के लिए 10 मिनट अतिरिक्त मिलेंगे। एडमिट कार्ड 16 अप्रैल को वेबसाइट व एसएसओ पर उपलब्ध होंगे। अभ्यर्थी 60 मिनट पहले पहुंचें और मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाएं।

RPSC Exam Alert:जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने पशु चिकित्सा अधिकारी और सहायक कृषि अभियंता भर्ती परीक्षा-2025 की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, ये दोनों महत्वपूर्ण परीक्षाएं 19 अप्रैल को जयपुर जिला मुख्यालय पर आयोजित की जाएंगी।
अभ्यर्थियों की सुविधा और पारदर्शिता के लिए आयोग ने परीक्षा के प्रारूप और समय को लेकर विशेष निर्देश जारी किए हैं। इस बार ओएमआर (OMR) उत्तर पत्रक में दिए गए 5वें विकल्प को भरने के लिए अभ्यर्थियों को 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा, जो कि परीक्षा की शुद्धता बनाए रखने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
RPSC Exam Alert: परीक्षा के विस्तृत शेड्यूल की बात करें तो पशु चिकित्सा अधिकारी (पशुपालन विभाग) की परीक्षा सुबह के सत्र में 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी।
वहीं, सहायक कृषि अभियंता (कृषि विभाग) की परीक्षा दोपहर के सत्र में 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक संपन्न होगी। अभ्यर्थियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण जानकारी यह है कि परीक्षा के एडमिट कार्ड 16 अप्रैल को जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी आरपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट या एसएसओ (SSO) पोर्टल पर अपने लॉगिन क्रेडेंशियल्स और आवेदन क्रमांक के माध्यम से इन्हें आसानी से डाउनलोड कर सकेंगे।
आयोग ने परीक्षा केंद्र पर प्रवेश को लेकर बेहद सख्त नियम बनाए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से ठीक 60 मिनट पहले तक ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा, इसके बाद किसी भी स्थिति में एंट्री नहीं मिलेगी। सुरक्षा और पहचान सुनिश्चित करने के लिए परीक्षार्थियों को अपने साथ ‘मूल आधार कार्ड’ अनिवार्य रूप से लाना होगा।
RPSC Exam Alert: आयोग ने विशेष रूप से सचेत किया है कि यदि आधार कार्ड पर फोटो पुरानी या अस्पष्ट है, तो अभ्यर्थी अपने साथ मतदाता पहचान-पत्र, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे अन्य वैकल्पिक मूल फोटो युक्त पहचान-पत्र जरूर रखें, जिसमें नवीनतम और स्पष्ट रंगीन फोटो हो।
इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश-पत्र पर भी एक नवीनतम रंगीन फोटो चस्पा करनी होगी। स्पष्ट मूल फोटो युक्त पहचान-पत्र के अभाव में किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। आयोग ने सभी उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय की आपाधापी से बचने के लिए समय से पहले एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से काफी पहले पहुंच जाएं।




