रायपुर /छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ‘सुशासन तिहार’ के दौरान एक बार फिर राजनीति की तपिश और प्रशासनिक सख्ती का नजारा देखने को मिला। रायपुर से भारतीय जनता पार्टी के सांसद बृजमोहन अग्रवाल अपने चिर-परिचित सख्त अंदाज में नजर आए और उन्होंने अवैध शराब की बिक्री को लेकर पुलिस व आबकारी विभाग के अधिकारियों की जमकर क्लास लगा दी।

नगर निगम के जोन-5 स्थित अश्विनी नगर में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान सांसद ने मंच से ही अधिकारियों को दो-टूक चेतावनी दी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मंच से अधिकारियों को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने बेहद कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोग चाहे कितने भी रसूखदार क्यों न हों, उन्हें बख्शा नहीं जाना चाहिए।

वायरल वीडियो में सांसद अधिकारियों को निर्देश देते नजर आ रहे हैं कि, “कोई बड़े से बड़ा आदमी हो, उसको उठाकर बंद करो। तीन महीना जमानत नहीं होगी, तो अपने आप सब बंद हो जाएगा। करो ना बंद, क्यों नहीं करते?” उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए यहां तक कह दिया कि जब आम जनता को पता है कि शराब कहां बिक रही है, तो क्या पुलिस को इसकी जानकारी नहीं है?

सांसद ने रायपुर के विशिष्ट इलाकों जैसे भाठागांव, मठपुरैना, चंगोराभाठा, संतोषी नगर और टिकरापारा का नाम लेते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अवैध कारोबार को रोकना जनहित में अनिवार्य है और इसके लिए तुरंत ‘एक्शन’ मोड में आने की जरूरत है। जिस समय सांसद अधिकारियों को फटकार लगा रहे थे, उस दौरान मंच पर रायपुर की महापौर मीनल चौबे भी मौजूद थीं। यह वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

यह पहली बार नहीं है जब बृजमोहन अग्रवाल सुशासन तिहार के दौरान किसी अधिकारी पर बरसे हों। इससे पहले रायपुर के आरंग अंतर्गत नगर पंचायत समोदा में आयोजित कार्यक्रम में भी उनका गुस्सा फूट पड़ा था। वहां शिकायतों का अंबार देख उन्होंने नायब तहसीलदार गजानंद सिदार को सार्वजनिक रूप से फटकार लगाई थी।

सुशासन तिहार के माध्यम से वे सीधे जनता से जुड़ रहे हैं और शिकायतों के तत्काल निवारण के लिए अधिकारियों पर दबाव बना रहे हैं, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।