LIVE UPDATE
Chhattisgarh

तिरंगे के सामने तमाशा: गणतंत्र दिवस पर स्कूल में अश्लील गीतों पर नृत्य, प्रभारी प्राचार्य निलंबित

गणतंत्र दिवस बना डांस फ्लोर: स्कूल मंच पर अमर्यादित गीत, प्राचार्य पर गिरी गाज

अंबिकापुर…गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय पर्व की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में पीएम सेजेस अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रामचंद्रपुर के प्रभारी प्राचार्य बसंत गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है। सरगुजा आयुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने आदेश कार्रवाई की है।

क्या था पूरा मामला

26 जनवरी को रामचंद्रपुर विकासखंड स्थित पीएम सेजेस अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान भोजपुरी भाषा के अश्लील और अमर्यादित गीत बजाए जाने और उन पर विद्यार्थियों तथा अन्य लोगों से नृत्य कराए जाने का मामला सामने आया। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद गहराया। आरोप है कि सब स्कूल प्रबंधन की निगरानी में और प्रभारी प्राचार्य बसंत गुप्ता की मौजूदगी में हुआ।

आदेश में स्पष्ट उल्लेख है कि उक्त कृत्य से राष्ट्रीय पर्व की गरिमा, विद्यालयीन अनुशासन और सामाजिक शालीनता को ठेस पहुंची है तथा शासकीय विद्यालय की छवि धूमिल हुई है। प्रथम दृष्टया इसे पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही माना गया है।

किन नियमों के तहत कार्रवाई

आयुक्त ने आदेश में कहा है कि यह छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के प्रतिकूल है। इसके तहत छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1966 के नियम 9 (1) (क) के अंतर्गत बसंत गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय संयुक्त संचालक शिक्षा, सरगुजा संभाग, अंबिकापुर नियत किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

राष्ट्रीय पर्व और स्कूल की मर्यादा पर सवाल

जब पूरा देश संविधान और तिरंगे के सम्मान में गणतंत्र दिवस मना रहा था, उसी समय एक शासकीय विद्यालय परिसर में अश्लील गीतों पर नृत्य का आयोजन होना शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। विद्यालय केवल पाठ्यक्रम का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और अनुशासन की पहली पाठशाला माना जाता है। ऐसे में मंच पर तिरंगा लहराते हुए अमर्यादित गीतों का प्रसारण सामाजिक संवेदनशीलता पर भी चोट माना जा रहा है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close