LIVE UPDATE
Chhattisgarh

कानून को खुली चुनौती, दबंगों ने कहा—ऊपर तक पहुँच है, सब जला देंगे

महिला को टौनी कहकर जान से मारने की धमकी

जांजगीर-चांपा.. चांपा शहर में दबंगई, अंधविश्वास और कानून को खुली चुनौती देने का गंभीर मामला सामने आया है। मामूली विवाद के बाद एक महिला और उसके पूरे परिवार को जिंदा जलाने, भारी वाहन से कुचलवाने और घर में आग लगाने जैसी खौफनाक धमकियाँ दी गईं। पीड़िता का आरोप है कि धमकी देने वालों ने अपने रसूख और कथित आपराधिक संपर्कों का हवाला देकर पुलिस और कानून को भी चुनौती दी।

घटना चांपा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 26, छुहिया तालाब इलाके की है। 29 जनवरी की शाम पीड़िता अपनी बहू के साथ सार्वजनिक नल से पानी भरने पहुँची थी। इसी दौरान मोहल्ले की दो महिलाओं ने पहले गाली-गलौज शुरू की और फिर बर्तनों को पटकते हुए उन्हें “टौनी” कहकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया।

विरोध करने पर मामला और गंभीर हो गया। आरोप है कि दबंग महिलाओं ने खुलेआम कहा कि उनकी पहुँच “ऊपर तक” है और कोई उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। यहीं नहीं, पीड़िता के बेटे के पत्रकार होने का जिक्र करते हुए कहा गया कि “पत्रकार बेटा भी उन्हें नहीं रोक पाएगा।” इसके बाद पूरे परिवार को जान से मारने, भारी वाहन से कुचलवाने और पेट्रोल-मिट्टी तेल डालकर घर को आग लगाने की धमकी दी गई।

घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है। महिला ने चांपा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और स्पष्ट किया है कि यदि उसके या उसके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी सीधे आरोपियों की होगी।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close