राजधानी में दिनदहाड़े फायरिंग.. 6 लाख की लूट, हेड ऑफिस के पास ATM के बाहर सनसनी
सुबह-सुबह कोटी में फायरिंग, ATM के बाहर 6 लाख लूटे, इलाके में दहशत

हैदराबाद..तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के कोटी इलाके में शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब SBI हेड ऑफिस के पास स्थित एक एटीएम के नजदीक हथियारबंद बदमाशों ने खुलेआम फायरिंग कर 6 लाख रुपये नकद लूट लिए। वारदात सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस के मुताबिक, घायल व्यक्ति की पहचान राशीद के रूप में हुई है, जो एटीएम में नकद राशि जमा करने पहुंचा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि बदमाशों ने फायरिंग करते हुए राशीद से 6 लाख रुपये की नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। गोली राशीद के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, राशीद की हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने राशीद की गतिविधियों पर पहले से नजर रखी हुई थी और योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के वक्त इस तरह की फायरिंग से इलाके में भय का माहौल बन गया, कई दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें भी बंद कर दीं।
पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए दावा किया है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





