बिलासपुर…यातायात नियमों की अनदेखी पर लगातार हो रही सख्त कार्रवाई के बीच अब यातायात पुलिस ने आम वाहन चालकों को राहत और सुविधा दोनों देने की दिशा में कदम बढ़ाया है। सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लाइसेंस, वाहन बीमा और हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेंगी।

सड़क सुरक्षा माह: 1 से 31 जनवरी तक

सड़क परिवहन मंत्रालय भारत सरकार एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में जिला पुलिस बिलासपुर द्वारा 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इस दौरान यातायात नियमों के पालन और दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

चौराहों पर समझाइश, जिंगल से ट्रैफिक अलर्ट

अभियान के तहत 10 जनवरी को शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट और सुरक्षित ड्राइविंग की अनिवार्यता समझाई गई। इसके साथ ही ट्रैफिक जिंगल के माध्यम से शहर में यातायात संबंधी सूचनाओं का प्रसारण कर आम लोगों को सतर्क किया गया।

12 जनवरी से शिविर, सुबह 10 बजे तक सुविधा

यातायात थाना परिसर, सत्यम चौक बिलासपुर में 12 जनवरी से आगामी दिनों तक प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में लर्निंग लाइसेंस बनवाने के साथ-साथ वाहन बीमा और HSRP नंबर प्लेट की सुविधा भी एक साथ उपलब्ध रहेगी, ताकि वाहन चालकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

लर्निंग लाइसेंस के लिए जरूरी दस्तावेज

लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए आधार कार्ड, दसवीं की अंकसूची और चार पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य होंगे। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, इसलिए चालक समय रहते लाइसेंस बनवाएं।

NCC-NSS छात्र संभालेंगे मोर्चा

12 जनवरी को लेफ्टिनेंट आशीष शर्मा के नेतृत्व में NCC और NSS के छात्र-छात्राएं शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात जागरूकता गतिविधियों का संचालन करेंगे और आमजन को नियमों के प्रति जागरूक करेंगे।

पुलिस की अपील: सुविधा लें, कार्रवाई से बचें

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और सुरक्षित, सुगम व व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।