बलरामपुर (पृथ्वी लाल केशरी)..बोर्ड परीक्षा को लेकर अब शिक्षा विभाग किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है। जिला शिक्षा अधिकारी एम. आर. यादव के निर्देश पर वाड्रफनगर में आयोजित विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक में साफ संदेश दे दिया गया—परीक्षा में शत-प्रतिशत उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं होगी।

शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, वाड्रफनगर के सभागार में आयोजित इस बैठक में हाई और हायर सेकेंडरी विद्यालयों की तैयारियों को कठोरता से परखा गया। त्रैमासिक और अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के परिणाम सामने रखकर यह स्पष्ट किया गया कि कमजोर प्रदर्शन और अनुपस्थिति दोनों के लिए अब जवाबदेही तय होगी।

परीक्षा ही नहीं, प्रशासनिक सुस्ती पर प्रहार

समीक्षा बैठक केवल शैक्षणिक मुद्दों तक सीमित नहीं रही। जिला शिक्षा अधिकारी ने पेंशन प्रकरणों, कर्मचारियों के बकाया स्वत्वों और लंबित भुगतानों पर नाराज़गी जताते हुए सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। डीएफ और इनऑपरेटिव बैंक खातों को तत्काल बंद कर राशि चालान के माध्यम से जमा कराने का आदेश भी साफ शब्दों में दिया गया।

छात्रवृत्ति और ई-केवाईसी में देरी बर्दाश्त नहीं

छात्रवृत्ति से जुड़े लंबित मामलों को लेकर भी सख़्त रुख अपनाया गया। निर्देश दिए गए कि ई-केवाईसी से संबंधित अटके प्रकरणों के लिए खाद्य विभाग से समन्वय कर तत्काल समाधान किया जाए, ताकि पात्र छात्र-छात्राएं योजनाओं से वंचित न रहें।

आईडी अड़चनें हटाने सीधी कार्यवाही

अपार आईडी जनरेशन में आ रही बाधाओं को गंभीरता से लेते हुए प्राचार्यों और शैक्षिक समन्वयकों को जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। निर्देश दिए गए कि संकुल स्तर पर ही आवेदन पूर्ण कराए जाएं, ताकि तहसील स्तर पर पालकों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें और एक ही दिन में प्रमाण पत्र जारी हो सके।

शैक्षिक समन्वयकों ने बताया कि 506 आवेदन फार्म पहले ही पूर्ण कर तहसील कार्यालय में जमा किए जा चुके हैं। इनके शीघ्र निराकरण से आधार सुधार और अपार आईडी जनरेशन की प्रक्रिया तेज़ होगी।

पूरे अमले को साफ संदेश

बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्याम किशोर जायसवाल, सहायक संचालक शिक्षा रामपथ यादव, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार पंथ सहित विकासखंड के सभी शासकीय विद्यालयों के प्राचार्य, शैक्षिक समन्वयक और अशासकीय संस्थाओं के प्रधानपाठक व प्राचार्य मौजूद रहे।