NHM Worker Salary /राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों को हड़ताल अवधि के 33 दिनों का वेतन अब तक नहीं मिल पाया है।

कर्मचारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 13 जून को रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में हड़ताल अवधि का वेतन देने की घोषणा की थी। इसके बावजूद करीब पांच महीने बीतने के बाद भी भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी है। उन्होंने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से घोषणा पर अमल करने की मांग की है।

राजनांदगांव जिले में एनएचएम के बड़ी संख्या में कर्मचारी अस्पतालों और मैदानी स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि हड़ताल अवधि के वेतन भुगतान को लेकर मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद उन्हें राशि जारी होने की उम्मीद थी, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ है। इस स्थिति को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ और राजनांदगांव के एनएचएम कर्मियों ने आपत्ति जताई है।

कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को उनकी घोषणा की याद दिलाते हुए कहा कि 13 जून को आयोजित महासम्मेलन में 33 दिनों की हड़ताल अवधि का वेतन देने का भरोसा दिया गया था।

NHM Worker Salary /उनका कहना है कि घोषणा के बाद भी भुगतान नहीं होना सरकारी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। कर्मचारियों ने मांग की है कि वेतन भुगतान के संबंध में अब तक की गई कार्रवाई और मौजूदा स्थिति की जानकारी सार्वजनिक की जाए।

एनएचएम कर्मचारियों ने कहा कि वे स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, ऐसे में उनके बकाया वेतन के मामले का जल्द निराकरण किया जाना चाहिए।

कर्मचारियों के मुताबिक, यदि उनकी मांग पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन का रास्ता अपनाने पर विचार करना पड़ सकता है।

फिलहाल कर्मचारियों की प्रमुख मांग हड़ताल अवधि के 33 दिनों के वेतन का भुगतान और इस संबंध में सरकार की ओर से की गई कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग और राज्य सरकार इस मामले में कब तक निर्णय लेते हैं।