रहस्यमय सड़क हादसा: टूटी खिड़की, बंद चाबी, चीखें—फिर भी नहीं बची जान

करनाल.. हरियाणा के करनाल में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति अब भी लापता है। हादसा पश्चिमी यमुना नहर के पास कैथल पुल पर हुआ, जहाँ उनकी कार अनियंत्रित होकर सीधे पानी में जा गिरी। घटना की पुष्टि 1 अगस्त की सुबह तड़के हुई, जब स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
गोताखोरों ने कार से निकाला महिला का शव
कार में सवार पति-पत्नी करनाल के सेक्टर 13 के निवासी थे। सूचना मिलते ही पुलिस, राहत दल और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। तलाशी अभियान के दौरान महिला का शव कार से बरामद हुआ, जबकि पति का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
कार को हाइड्रा मशीन की सहायता से पानी से बाहर निकाला गया। सीट बेल्ट बंधी होने के कारण महिला को समय रहते बाहर निकालना मुश्किल हुआ।गोताखोर कर्ण ने बताया कि पानी में डूबती गाड़ी में सवार दंपत्ति जोर-जोर से “हमें बचाओ” चिल्ला रहे थे, पर वे उन्हें समय पर निकाल नहीं सके।
रात 9:30 बजे देखा गया था दंपत्ति
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, हादसे से पहले दंपत्ति को रात करीब 9:30 बजे कलंदरी गेट के पास देखा गया था।
पुलिस ने गाड़ी से दो मोबाइल फोन, एक टूटा हुआ शीशा और गाड़ी में लगी हुई चाबी बरामद की है। ये विवरण हादसे की परिस्थितियों पर कई सवाल खड़े करते हैं।
SHO और विधायक मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि परिवार में कोई तनाव या विवाद नहीं था।मौके पर थाना सिविल लाइन इंचार्ज श्री भगवान, SHO गुरदर्शन सिंह और भाजपा विधायक योगेंद्र राणा पहुंचे। विधायक ने राहत कार्य की तत्परता की सराहना की।





