LIVE UPDATE
Chhattisgarh

आधी रात का खौफ: रायपुर में 16 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

रायपुर/रायपुर में बढ़ते आपराधिक मामलों के बीच एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने एक किशोर की जान ले ली। राजधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित जोगी मोहल्ला में सोमवार देर रात 16 वर्षीय कुश बाघ की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, घटना 27 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच पंचशील नगर के पास हुई। बताया जा रहा है कि किसी छोटे से विवाद को लेकर कुछ युवकों ने दो नाबालिगों पर अचानक चाकू से हमला कर दिया।

हमले में कुश बाघ गंभीर रूप से घायल हो गया और अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

मामले में पुलिस ने चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है, ताकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
close