Cg mausam: 16 दिन से 40°C पार: रायपुर में लंबी हीटवेव, राहत के संकेत अभी कमजोर

Cg mausam: रायपुर। रायपुर में इस बार गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ लंबा असर दिखाया है। करीब तीन साल बाद राजधानी में ऐसा दौर देखने को मिल रहा है, जब लगातार 16 दिनों से अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं आया है।
तेज धूप के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से लगभग 4 डिग्री अधिक बना हुआ है, जिससे लोगों को चौबीसों घंटे गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदेश के मध्य इलाकों में अभी भी लू जैसे हालात बने हुए हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालांकि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई, लेकिन इसका असर सीमित ही रहा। इस दौरान राजनांदगांव में सर्वाधिक तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
सोमवार को हवा की दिशा में बदलाव के कारण जांजगीर, रायगढ़ और बिलासपुर के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे अस्थायी राहत महसूस की गई। वहीं जगदलपुर और बस्तर संभाग में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना रहा, लेकिन राज्य का मध्य भाग अभी भी भीषण गर्मी से जूझ रहा है।
लालपुर स्थित मौसम वेधशाला में पिछले दो दिनों से तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, हालांकि सोमवार को हल्के बादल और तेज हवा के कारण तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जिससे थोड़ी राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार, 28 अप्रैल को रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा, हालांकि दोपहर या शाम तक आंशिक बादल छाने की संभावना है।
अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।




