Big news
माया सेल्स की माया…कम्पनी ने 22 पीड़ितों को दिया 9 लाख का झटका…शातिर आरोपी कामता यहां से हुआ गिरफ्तार
माया सेल्स कम्पनी में नौकरी दिलाने का झांसा..9 लाख की ठगी

बिलासपुर—तोरवा पुलिस ने पीड़ितों से 9 लाख रूपयों की ठगी कर कम्पनी बनाने और नौकरी का झांसा के जुर्म में आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कामता मेहता बालको नगर कोरबा का रहने वाला है। हाल फिलहाल आरोपी अमेरी शिव शक्ति अस्पताल के पास अमेरी चौक रहता है।
तोरवा पुलिस के अनुसार 19 मई को बलौदा निवासी सत्यनारायण सांडे ने ठगी का रिपोर्ट दर्ज कराया। सत्यनारायण ने लिखित शिकायत में बताया कि आरोपी कामता मेहता ने माया सेल्स नामक कंपनी खोलने तथा नौकरी दिलाने के नाम पर 9 लाख की ठगी किया है। आरोपी ने करीब 22 लोगों से लाखों की ठगी को अंजाम दिया है।
पुलिस ने तत्काल आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस कप्तान रजनेश सिंह के आदेश पर आरोपी की पतासाजी अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र जायसवाल ने बताया कि थाना प्रभारी ने टीम के साथ त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी कामता मेहता को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने ठगी का जुर्म स्वीकार किया।





