LIVE UPDATE
Chhattisgarh

सचिव से अभद्रता पड़ी भारी: आईएफएस अधिकारी पर गिरी गाज..मनीष कश्यप सस्पेंड 

बातचीत में अमर्यादित और अभद्र भाषा के प्रयोग

रायपुर… राज्य शासन ने कड़ा संदेश देते हुए भारतीय वन सेवा के एक अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के सचिव के साथ दूरभाष पर हुई बातचीत में अमर्यादित और अभद्र भाषा के प्रयोग को शासन ने गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए यह कार्रवाई की है।

बैठक की तैयारी पर मांगी गई थी जानकारी

जानकारी के अनुसार, 23 जनवरी को भारत सरकार द्वारा आयोजित विनियमन-मुक्ति विषयक बैठक की तैयारी को लेकर विभागीय सचिव ने संबंधित अधिकारी से टेलीफोन पर आवश्यक सूचनाएं मांगी थीं। इसी दौरान बातचीत का लहजा मर्यादा की सीमाओं से बाहर चला गया।

आचरण नियमों का उल्लंघन माना गया

शासन ने इस पूरे घटनाक्रम को अखिल भारतीय सेवा आचरण नियम, 1968 के नियम-3 का उल्लंघन माना है। उक्त नियम के तहत सेवा में रहते हुए शालीनता, अनुशासन और गरिमा बनाए रखना अनिवार्य है।

अनुशासन एवं अपील नियमों के तहत कार्रवाई

मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने अखिल भारतीय सेवा अनुशासन एवं अपील नियम, 1969 के अंतर्गत निलंबन की कार्रवाई की है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

यह कार्रवाई न केवल प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है, बल्कि यह भी स्पष्ट संकेत देती है कि शासन स्तर पर अनुशासनहीनता को लेकर अब किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close