भीषण गर्मी में भी जनगणना कार्य में जुटे व्याख्याता सुशील शर्मा, स्वयं आवेदन देकर ली ड्यूटी

राजनांदगांव।जनगणना 2026-27 (मकान सुचिकरण) के तहत जिले में कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसी क्रम में शासकीय उच्च माध्यमिक शाला सुरगी के व्याख्याता एवं सर्व ब्राह्मण समाज राजनांदगांव के जिला अध्यक्ष तथा शालेय शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष सुशील नारायण शर्मा इन दिनों भर्रेगांव क्षेत्र में जनगणना कार्य में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
ज्ञात हो कि श्री शर्मा की ड्यूटी भर्रेगांव में लगाई गई है, जहां उन्होंने आज से घर-घर जाकर मकान सुचिकरण एवं जनगणना कार्य प्रारंभ कर दिया है।
उन्होंने बताया कि उन्हें कुल 201 घरों का सर्वेक्षण करना है, जिसमें प्रथम दिन ही उन्होंने 10 परिवारों का सफलतापूर्वक कार्य पूर्ण कर लिया।
शर्मा ने बताया कि गांव के लोगों से उन्हें भरपूर सहयोग मिल रहा है। ग्रामीण सम्मानपूर्वक अपने घरों में बुलाकर बैठाते हैं और भीषण गर्मी को देखते हुए पानी आदि की व्यवस्था भी करते हैं, जिससे कार्य करने में सहूलियत मिल रही है।
जहां एक ओर तेज गर्मी के कारण कई कर्मचारी मेडिकल अवकाश या अन्य कारणों से इस कार्य से बचने का प्रयास कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर व्याख्याता सुशील शर्मा ने स्वयं आवेदन देकर यह जिम्मेदारी ली है, जो सराहनीय है।
श्री शर्मा ने बताया कि वे इस राष्ट्रीय कार्य में योगदान देना चाहते थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2034 में उनकी सेवानिवृत्ति प्रस्तावित है, ऐसे में यह उनके लिए अंतिम जनगणना कार्य होगा।
इसी भावना के साथ उन्होंने स्वयं आगे आकर ड्यूटी ली है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के इस महत्वपूर्ण कार्य का हिस्सा बनकर उन्हें गर्व और सम्मान की अनुभूति हो रही है।





