कृषि विज्ञान केंद्र कर्मचारियों की अनिश्चित काल हड़ताल जारी

बिलासपुर । छत्तीसगढ़ में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्रों (KVK) के अधिकारी और कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। आंदोलन अब तीसरे दिन में प्रवेश कर चुका है और कर्मचारी धरना-प्रदर्शन पर डटे हुए हैं।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में वेतन विसंगति का निराकरण, पूर्ण वेतन भुगतान और वैधानिक सेवा-लाभों की बहाली शामिल है। संघ का कहना है कि पूर्व में 16 से 20 फरवरी तक पांच दिवसीय काम बंद हड़ताल के दौरान भी प्रशासन से लिखित और समयबद्ध समाधान की मांग की गई थी, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
हड़ताल के पहले दिन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति से हुई वार्ता भी बेनतीजा रही। प्रशासन ने यह कहते हुए समय सीमा देने से असमर्थता जताई कि शासकीय प्रक्रियाओं में समय लगता है, जिसे संघ ने अस्वीकार्य बताया।
संघ का आरोप है कि ICAR के दिशा-निर्देशों, भारत सरकार के पत्राचार और छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के आदेशों के बावजूद कर्मचारियों को उनका वैधानिक अधिकार नहीं मिल रहा है।
संघ कि ओर से बताया गया कि KVK कर्मचारी विश्वविद्यालय की नियुक्ति के अंतर्गत आते हैं, इसलिए पूर्ण वेतन और सभी सेवा-लाभ देना विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी है। आंदोलन को शांतिपूर्ण बताते हुए संघ ने कहा है कि किसी भी प्रशासनिक अव्यवस्था की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी..।





