जशपुर…जमीन के विवाद में रिश्तों का खून हो गया। तपकरा थाना क्षेत्र के ग्राम जामबहार में शनिवार शाम हुए विवाद के दौरान मनोज मांझी ने अपने भतीजे संतोष प्रधान पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण संतोष की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संतोष प्रधान और उसके फूफा मनोज मांझी के बीच घर-जमाई के रूप में रहने और जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार शाम इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर मनोज मांझी ने संतोष पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में संतोष गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर तपकरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी मनोज मांझी को हिरासत में लेकर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी जब्त कर ली है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।