IAS Transfer 2025- महाराष्ट्र सरकार ने एक बार फिर प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले का बड़ा फैसला लिया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 9 अधिकारियों के स्थानांतरण के साथ ही दो जिलों के कलेक्टर भी बदल दिए गए हैं।

सरकार ने 18 फरवरी, मंगलवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया, जिसमें अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

इस फेरबदल में राज्य उत्पाद शुल्क, मुंबई के आयुक्त विजय सूर्यवंशी को अब कोकण संभाग, मुंबई का नया संभागीय आयुक्त बनाया गया है। उनकी जगह डॉ. राजेश देशमुख को राज्य उत्पाद शुल्क आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा, लीना बंसोड को आदिवासी विकास विभाग का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है।

इससे पहले वे महाराष्ट्र राज्य सहकारी आदिवासी विकास निगम, नासिक के प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत थीं।

अहिल्यानगर और धाराशिव जिलों में भी प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। अहिल्यानगर के कलेक्टर सिद्धराम सलिमथ को अब पुणे के चीनी आयुक्त के पद पर स्थानांतरित कर दिया गया है। वहीं, धाराशिव जिले के कलेक्टर डॉ. सचिन ओमवासे को सोलापुर नगर निगम के नगर आयुक्त पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।