घर के आंगन में छात्रा की गोली मारकर हत्या, देर रात वारदात से दहशत
रात दो बजे खुला दरवाजा, आंगन में मिली लाश

मुजफ्फरपुर… बिहार की कानून व्यवस्था पर सियासी हमले तेज हैं और इसी बीच अपराधियों ने एक और सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे दिया। मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव में देर रात घर में घुसकर एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश दोनों है।
रात दो बजे खुला दरवाजा, आंगन में मिली लाश
परिवार के मुताबिक रात में सभी लोग खाना खाकर सो गए थे। करीब दो बजे पिता कमरे से बाहर निकले तो आंगन में बेटी का खून से सना शव पड़ा मिला। उन्होंने शोर मचाया तो घर के अन्य सदस्य बाहर आए। मां ने बताया कि रात में किसी तरह की हलचल सुनाई दी, दरवाजा खोला तो आंगन में बेटी मृत अवस्था में पड़ी थी। वारदात किसने और कैसे की, यह किसी ने नहीं देखा।
बाथरूम जाने के दौरान निशाना बनाया
प्राथमिक आशंका है कि छात्रा रात में बाथरूम के लिए उठी होगी, उसी दौरान हमलावर ने गोली मार दी। बदमाश घर के भीतर कैसे पहुंचा, यह भी जांच का अहम बिंदु है। घटना की प्रकृति से साफ है कि अपराधी ने घर की स्थिति और समय का अंदाजा पहले से लगा रखा था।
पुलिस जांच.. संदिग्ध हिरासत में
सूचना मिलते ही सकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हत्या के कारणों पर पुलिस अभी स्पष्ट बयान देने से बच रही है, लेकिन दावा है कि हर एंगल से जांच चल रही है।
इलाके में दहशत, कानून व्यवस्था पर सवाल
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बीच यह हत्या स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ा रही है। गांव में चर्चा और आशंकाओं का दौर जारी है, लेकिन असली वजह पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल सवाल यही है—घर के भीतर घुसकर हत्या की यह हिम्मत अपराधियों को आखिर कहां से मिल रही है?





