गैस सिलेंडर जमाखोरी का भंडाफोड़, प्रशासनिक जांच में 23 सिलेंडर जब्त
सिलेंडर जमाखोरी पर प्रशासन सख्त, जांच में खुला गोदाम का राज

बलौदाबाजार…जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर के निर्देश पर चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत सिमगा क्षेत्र में शनिवार को कार्रवाई करते हुए एक गोदाम से 23 अवैध खाली सिलेंडर जब्त किए गए।
गोदाम से बरामद हुए अवैध सिलेंडर
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसडीएम सिमगा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। इस दौरान स्थानीय व्यापारी योगेश ताम्रकार के गोदाम की जांच में 23 खाली एलपीजी सिलेंडर अवैध रूप से रखे मिले। टीम ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर संबंधित गैस एजेंसी को सुपुर्द कर दिया।
गैस एजेंसी और दुकानों की भी जांच
जांच अभियान के दौरान सिमगा स्थित माँ बमलेश्वरी गैस एजेंसी और अमृत बर्तन भंडार की भी पड़ताल की गई। अधिकारियों ने दस्तावेजों और स्टॉक की जांच कर आवश्यक जानकारी एकत्र की।
अभियान में कई अधिकारी रहे मौजूद
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सिमगा, खाद्य निरीक्षक और राजस्व विभाग के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस की अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





