विवाद से वारदात तक, पचरी घाट डैम पर हत्या का खुलासा..2 गिरफतार
विवाद से वारदात तक, पचरी घाट डैम पर हत्या का खुलासा

बिलासपुर… सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पचरी घाट डैम के पास हुई हत्या की वारदात में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह वारदात पुरानी रंजिश और आपसी विवाद का नतीजा थी।
घटना 30 जनवरी की शाम करीब साढ़े सात बजे की है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, मृतक के पास आरोपी विकास तिवारी और शैलेंद्र प्रजापति पहुंचे और पुरानी बातों को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ते ही आरोपियों ने धारदार हथियार से मृतक पर हमला कर दिया। हमले में मृतक को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
जांच में यह तथ्य सामने आया है कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले से तनाव और विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से हमला किया। धारदार हथियार से किए गए वार ही मौत का कारण बने।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए आरोपियों की पहचान की। त्वरित घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान घटना से जुड़े अहम साक्ष्य सामने आए, वहीं वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।





