LIVE UPDATE
Chhattisgarh

CG NEWS:सूरजपुर जिले को मिली डाइट की सौगात: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जताया आभार

CG NEWS:रायपुर।छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले को शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। राज्य सरकार ने सूरजपुर में डाइट (जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान) की स्थापना को मंजूरी दे दी है। यह निर्णय जिले के शिक्षकों और शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इस ऐतिहासिक पहल के लिए महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सूरजपुर में डाइट की स्थापना मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में चल रहे सुधारों और संरचनात्मक विकास को नई गति देगी। यह निर्णय राज्य सरकार की उस नीति का हिस्सा है जिसके अंतर्गत हर जिले को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक संस्थानों से सशक्त करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

डाइट की स्थापना से जिले के शिक्षकों को अब अन्य जिलों में प्रशिक्षण के लिए नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही उन्नत प्रशिक्षण और शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध होंगे, जिससे शैक्षणिक गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है। साथ ही यह संस्थान शिक्षक प्रशिक्षण के साथ-साथ शैक्षिक अनुसंधान एवं नवाचार का केंद्र भी बनेगा।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर में डाइट की आवश्यकता को लेकर लगातार शासन से संपर्क बनाए रखा और इसकी स्वीकृति के लिए उच्च स्तर पर सक्रिय पैरवी की। उन्होंने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि,डाइट की स्थापना शिक्षा के क्षेत्र में जिले के लिए मील का पत्थर साबित होगी। यह केवल एक संस्थान की शुरुआत नहीं, बल्कि सूरजपुर के शैक्षणिक भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है। मैं इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए इसे स्वीकृति प्रदान की।

शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने जानकारी दी है कि डाइट भवन निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चयन कर लिया गया है और आवश्यक प्रक्रियाएं प्रारंभ हो गई हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
डाइट स्वीकृति की खबर से सूरजपुर जिले में उत्साह का वातावरण है। जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और आम नागरिकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह शिक्षा के क्षेत्र में सूरजपुर को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाएगा। सभी ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की सक्रिय भूमिका की सराहना की।

Chief Editor

छत्तीसगढ़ के ऐसे पत्रकार, जिन्होने पत्रकारिता के सभी क्षेत्रों में काम किया 1984 में ग्रामीण क्षेत्र से संवाददाता के रूप में काम शुरू किया। 1986 में बिलासपुर के दैनिक लोकस्वर में उपसंपादक बन गए। 1987 से 2000 तक दिल्ली इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के राष्ट्रीय अखबार जनसत्ता में बिलासपुर संभाग के संवाददाता के रूप में सेवाएं दीं। 1991 में नवभारत बिलासपुर में उपसंपादक बने और 2003 तक सेवाएं दी। इस दौरान राजनैतिक विश्लेषण के साथ ही कई चुनावों में समीक्षा की।1991 में आकाशवाणी बिलासपुर में एनाउँसर-कम्पियर के रूप में सेवाएं दी और 2002 में दूरदर्शन के लिए स्थानीय साहित्यकारों के विशेष इंटरव्यू तैयार किए ।1996 में बीबीसी को भी समाचार के रूप में सहयोग किया। 2003 में सहारा समय रायपुर में सीनियर रिपोर्टर बने। 2005 में दैनिक हरिभूमि बिलासपुर संस्करण के स्थानीय संपादक बने। 2009 से स्वतंत्र पत्रकार के रूप में बिलासपुर के स्थानीय न्यूज चैनल ग्रैण्ड के संपादक की जिम्मेदारी निभाते रहे । छत्तीसगढ़ और स्थानीय खबरों के लिए www.cgwall.com वेब पोर्टल शुरू किया। इस तरह अखबार, रेडियो , टीवी और अब वेबमीडिया में काम करते हुए मीडिया के सभी क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है।
Back to top button
close