Cg news।कोरबा।  छत्तीसगढ़ के कोरबा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के स्टेनो शाखा में पदस्थ आरक्षक नरहरि पटेल (38) का शव जशपुर जिले के पत्थलगांव में एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पत्थलगांव पुलिस ने शव की पहचान के बाद कोरबा पुलिस को जानकारी दी।

मीडिया रिपोर्ट अनुसार आरक्षक किन परिस्थितियों में पत्थलगांव पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है।

पत्थलगांव क्षेत्र में ग्रामीणों ने पेड़ पर सफेद रंग की चुन्नी के फंदे से लटका शव देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक की पहचान की।

मिली जानकारी मुताबिक नरहरि पटेल की पहचान होने के बाद कोरबा में उनके परिजनों व पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद परिजन घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।

आरक्षक के पत्थलगांव पहुंचने की वजह और वहां हुई घटना की परिस्थितियां अब तक सामने नहीं आ पाई है। वह कोरबा से कब रवाना हुआ था और किन कारणों से पत्थलगांव गया था, इसकी भी जानकारी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इन बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पत्थलगांव पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

नरहरि पटेल पिता गोवर्धन प्रसाद पटेल, वर्ष 2013 में पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था। उसकी तैनाती सिविल लाइन रामपुर में थी और वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय की स्टेनो शाखा में कार्यरत था। वह 27 सितंबर 2023 से वहां पदस्थ था। उसका निवास मानिकपुर की दादर बस्ती में था। परिवार में पत्नी और एक छोटी बेटी है।