CG news: कलेक्टर का औचक निरीक्षण, 55 सरकारी कर्मचारी नदारद, नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई के संकेत

CG News: सारंगढ़ में प्रशासनिक सख्ती का एक बड़ा उदाहरण शुक्रवार को देखने को मिला जब कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने सुबह 10 से 11 बजे के बीच कई सरकारी विभागों का औचक निरीक्षण किया।
इस अचानक हुई कार्रवाई के दौरान विभिन्न कार्यालयों में भारी अनियमितताएं सामने आईं, जहां लगभग 55 अधिकारी और कर्मचारी अपने कार्यस्थल से नदारद पाए गए।
कलेक्टर ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए सभी अनुपस्थित कर्मियों को सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।
कलेक्टर ने निरीक्षण की शुरुआत कलेक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं से की और फिर क्रमशः अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय, तहसील कार्यालय, लोक निर्माण विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बीईओ, बीआरसी और आदिवासी विकास कार्यालय का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कई कार्यालयों में उपस्थिति नाम मात्र की थी, जिससे सरकारी कार्य प्रभावित हो रहा था।
जिन प्रमुख अधिकारियों और कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है उनमें विकास खंड शिक्षा अधिकारी रेशम लाल कोसले, कलेक्ट्रेट के सहायक ग्रेड-2 शैलेन्द्र पटेल, सोमदत्त पटेल और ममता नंदे जैसे नाम शामिल हैं।
भू अभिलेख शाखा के सहायक अधीक्षक कमल सिंह ठाकुर, विकास साहू और सहायक ग्रेड-3 गीता नायक भी अपनी ड्यूटी से नदारद मिले।
इसके साथ ही खनिज शाखा, खाद्य शाखा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय और तहसील कार्यालय के कई कर्मचारी भी अनुपस्थित पाए गए।
लोक निर्माण विभाग में मानचित्रकार ठाकुर राम राठिया और सहायक मानचित्रकार गिरीश पटेल समेत कई अन्य कर्मचारी भी निरीक्षण के दौरान मौजूद नहीं थे।
कलेक्टर के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर अनिकेत साहू ने जनपद पंचायत सारंगढ़ का निरीक्षण किया, जहां लेखा अधिकारी मालिकराम लहरे और स्टेशन मास्टर आरएल चौहान की गैरहाजिरी सामने आई।
विद्युत विभाग में भी सहायक ग्रेड-3 की पदस्थ ज्योति पटेल, रुस्तम बंजारे और मीन निराला उपस्थित नहीं थे।