5 विजेताओं को सीईओ ने दिया प्रमाण पत्र…बिल्हा विधायक ने कहा..बनाएंगे सरकार..राजेन्द्र शुक्ला ने किया बहुमत का दावा
रिकार्डतोड़ मतों से अनिता राजेन्द्र शुक्ला की जीत..गोविन्द ने बताया धरम का आशीर्वाद

बिलासपुर—जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने आज जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत के विजेता प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र दिया। इस दौरान रिकार्ड तोड़ मतों से जीत हासिल करने वाली कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी अनिता राजेन्द्र शुक्ला समेत पांचों प्रत्याशियों ने जनता के प्रति आभार जाहिर किया। इस दौरान कांग्रेस नेता राजेन्द्न शुक्ला और बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने दावा किया जिला पंचायत की सरकार उनकी पार्टी बनाने जा रही है। धरमलाल कौशिक ने इंकार किया कि भाजपा को पंचायत में निराशा हाथ लगी है। उन्होने कहा कि बिल्हा मुंगेली मस्तूरी पंचायतों में भाजपा को बड़ी सफलता मिली है। अब हम जिला पंचायत में भी सरकार बनाने जा रहे है।
अनिता राजेन्द्र की रिकार्ड तोड़ जीत
जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने आज बिल्हा ब्लाक से जीत हासिल करने वाले पांच जिला पंचायत सदस्यों को विजेता प्रमाण पत्र दिया। संदीप अग्रवाल से अनुसुइया जागेन्द्र कश्यप, राजेश सूर्यवंशी, स्मृति त्रिलोक श्रीवास अनिता राजेन्द्र शुक्ला,गोविन्द राम यादव प्रमाण पत्र लेने के बाद समर्थकों के साथ खुशी मनाया। कमोबेश सभी प्रत्याशियों ने अपनी जीत के लिए जनता के प्रति आभार जाहिर किया।
जानकारी देते चलें कि बिल्हा विकासखण्ड में जिला पंचायत के लिए 20 फरवरी को मतदान किया गया। क्षेत्र क्रमांक एक से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी अनुसुइया जोगेन्द्र कश्यप ने 16752 मत हासिल कर सुनीता हृदेश कश्यप को 7960 मतों से हराया है। क्षेत्र क्रमांक दो भाजपा समर्थित प्रत्याशी राजेश सूर्यवंशी ने जीत हासिल किया है। क्षेत्र क्रमांक तीन से कांग्रेस नेत्री स्मृति त्रिलोक श्रीवास ने 9883 वोट हासिल कर कल्पना कनेरी पर 884 मतों से जीत हासिल किया है। क्षेत्र क्रमांक चार से कांग्रेस प्रत्याशी अनिता राजेन्द्र शुक्ला ने 20605 मत हासिल कर पुनीता डहरिया को जिला पंचायत चुनाव में सर्वाधिक 8031 मतों से हराकर सीईओ से प्रमाण पत्र लिया।
क्षेत्र क्रमांक 5 से जीत हासिल कर बिल्हा विधायक के साथ जिला पंचायत पहुंचे गोविन्द राम यादव ने अपनी जीत का श्रेय धरमलाल कौशिक को दिया। गोविन्द यादव ने कहा पहली बार जीतकर जिला पंचायत आए हैं। इसके पहले दो बार बिल्हा जनपद पंचायत का सदस्य रह चुके हैं। उन्होने बताया कि जनता की सेवा करना और उनकी समस्याओं को दूर करना ही मूल उद्देश्य है। जानकारी देते चलें कि भाजपा समर्थित प्रत्याशी गोविन्द राम यादव ने 12935 वोट हासिल कर संदीप यादव को कड़े मुकाबले में 172 मत से हराया है।
धरमलाल ने किया बहुूमत का दावा
बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक क्षेत्र क्रमांक 5 के विजेता प्रत्याशी गोविन्द राम यादव के साथ प्रमाण पत्र लेने जिला पंचायत पहुंते। धरमलाल कौशिक ने दावा किया कि अब तक दस क्षेत्रों में भाजपा समर्थित पांच प्रत्याशियों ने जीत हासिल किया है। बहुमत के लिए सिर्फ चार चेहरों की जरूरत है। आज सात सीट पर चुनाव चल रहा है। हमें पूरा विश्वास है कि हम तीसरे चरण में पांच से अधिक सीट पर जीत रहे हैं। जिला पंचायत मे हमारी सरकार बनना निश्चित है।
सवाल जवाब के दौरान धरमलाल ने बताया गोविन्द राम यादव सच्चे जनसेवक हैं। उन्होने इस बात से इंकार किया कि पंचायत चुनाव में निकाय की तरह अपेक्षित सफलता नहीं मिली है। दरअसल पंचायत चुनाव निकाय की तरह पार्टी चुनाव चिन्ह से नहीं लड़ा जाता है। इसलिए लोगों को लगता है कि भाजपा को पंचायत में अपेक्षित सफलता नहीं मिली है। मुंगेली,मस्तूरी,बिल्हा जनपद में भाजपा का बहुमत है। एक सवाल पर उन्होने कहा कि जिला पंचायत में भाजपा का बहुमत निश्चित है। निश्चित रूप से हमारा प्रत्याशी ही अध्यक्ष बनेगा। अध्यक्ष पद के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता मिलकर घोषित करेंगे।
राजेन्द्र शुक्ला ने भी किया दावा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र शुक्ला ने पत्नी अनिता शुक्ला के साथ सीईओ से प्रमाण पत्र लिया। इस दौरान उन्होने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को भ्रम में नहीं रहना चाहिए। पैसा और पावर से निकाय चुनाव में भाजपा ने जीत हासिल किया है। पंचायत चुनाव के परिणाम से अब यह जाहिर हो चुका है। अनिता शुक्ला ने पंचायत चुनाव में रिकार्ड मत से जीत हासिल किया है।
राजेन्द्र शुक्ला ने बताया कि दो चरणों के चुनाव में कांग्रेस के पांच प्रत्याशियों को जीत मिली है। आज सात सीट के लिए चुनाव हो रहा है। हमें पूरा विश्वास है कि तखतपुर और कोटा की जनता मिलकर चार से अधिक सीट कांग्रेस को देने जा रही है। हम बहुमत हासिल करने जा रहे हैंं। जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस का प्रत्याशी ही बैठेगा।