LIVE UPDATE
Big news

सीता देवी स्कूल का काला सच – प्रिंसिपल और टीचर की बेरहम पिटाई से टूटी छात्रा, फांसी पर झूल गई.. अब घटना को दबाने का प्रयास

बिलासपुर/बेलतरा…ग्राम नवसा स्थित सीता देवी स्कूल में कक्षा 9वीं की छात्रा पूनम रजक ने शिक्षक और प्रिंसिपल की बेरहम प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। छात्रा को न केवल सभी छात्रों के सामने बाल पकड़कर घसीटा गया बल्कि डंडों से बेरहमी से पीटा भी गया। शरीर पर जगह-जगह चोटों के निशान पाए गए हैं।

सार्वजनिक अपमान और बेरहम मारपीट

सोमवार को स्कूल में शिक्षक आशीष रात्रि ने छात्रा को कक्षा में बुलाकर 11वीं के छात्र पप्पू वर्मा के सामने खड़ा किया। दोनों के बीच कथित संबंधों को लेकर शिक्षक ने पहले गाली-गलौज की, फिर छात्रा को बाल पकड़कर पूरे स्कूल के सामने घसीटते हुए प्रिंसिपल रमेश साहू के कक्ष तक ले गया। वहां भी छात्रा पर डंडों से ताबड़तोड़ वार किए गए। गवाह छात्रों के मुताबिक, बच्ची को इस कदर पीटा गया कि उसकी चीखें पूरे परिसर में गूंज उठीं।

शरीर पर चोटों के गहरे निशान 

पुलिस जांच में साफ हुआ कि छात्रा के शरीर पर डंडों की मार के गहरे निशान मिले हैं। सिर्फ गले पर फंदे का निशान ही नहीं, बल्कि पीठ और बाजुओं पर चोटें साफ दिखाई दीं। यह प्रताड़ना सार्वजनिक रूप से की गई थी, जिससे बच्ची का मानसिक संतुलन टूट गया।

शाम को घर लौटकर आत्महत्या

प्रताड़ना और अपमान से टूटकर छात्रा घर लौटी और कमरे में खुद को बंद कर लिया। शाम करीब 6 बजे परिजनों ने दरवाजा खोला तो वह दुपट्टे से फांसी पर झूलती मिली। चीख-पुकार मच गई, गांव में मातम फैल गया।

सरकारी शिक्षक और उसका साम्राज्य

जानकारी के मुताबिक, स्कूल का संचालन सरकारी शिक्षक रमेश साहू की पत्नी करती है। रमेश साहू सरकारी नौकरी के बावजूद अपने पदस्थापित स्कूल में कभी पढ़ाने नहीं जाता। वह निजी सीता देवी स्कूल और उससे लगे बिहार साहू कॉलेज का संचालन करता है। उसका भाई उमेश साहू ग्राम नवसा का सरपंच है। दोनों भाइयों का क्षेत्र में दबदबा इतना है कि कोई भी अधिकारी आवाज उठाने से डरता है।

पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश नाकाम

घटना की जानकारी मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि रमेश साहू और उसका भाई ग्राम सरपंच उमेश साहू मामले को दबाने की कोशिश में जुट गए। परिजनों और ग्रामीणों पर पैसे लेकर चुप रहने का दबाव बनाया गया। यहां तक कि पुलिस पर भी दबाव डालने का प्रयास किया गया। लेकिन छात्रा के शरीर पर चोटों और फंदे के निशान देख पुलिस ने पंचनामा तैयार कर केस दर्ज कर लिया।

गरीब पिता की न्याय की गुहार

छात्रा के पिता छोटू रजक किसान हैं। उन्होंने कहा – “हम गरीब हैं, हमारी कोई सुनता नहीं। लेकिन हमें भरोसा है कि कानून हमारी बेटी को न्याय दिलाएगा।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close