दिल्ली।भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने देश की युवा पीढ़ी, विशेषकर ‘जन-जी’ (Gen Z – 14 से 25 वर्ष की आयु वर्ग) तक अपनी पहुंच मजबूत करने और उनके साथ सीधा संवाद स्थापित करने के लिए एक विशेष 5 सदस्यीय केंद्रीय टीम का गठन किया है.

इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं की प्राथमिकताओं, उनकी सोच, आकांक्षाओं और भविष्य से जुड़ी चिंताओं को करीब से समझना है.

पार्टी नेतृत्व द्वारा गठित इस उच्चस्तरीय टीम में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े के साथ-साथ गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी को शामिल किया गया है.

इस विशेष टीम के मार्गदर्शन में जल्द ही देशभर में ‘युवा संवाद’ अभियान की शुरुआत की जाएगी. इस अभियान के तहत 14 से 25 साल के युवाओं को जोड़ने के लिए विभिन्न संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

जहां युवा सीधे बीजेपी नेताओं के सामने शिक्षा, रोजगार, तकनीक, स्टार्टअप और राष्ट्र निर्माण जैसे अहम मुद्दों पर अपनी राय रख सकेंगे. उल्लेखनीय है कि बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा संगठन में किए गए व्यापक बदलावों के तहत 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की गई थी, जिसके बाद युवाओं पर केंद्रित इस महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारने की तैयारी की गई है.

युवाओं तक सीधे पहुंचने की इस रणनीति में केंद्र सरकार भी अहम भूमिका निभाने जा रही है. एक व्यापक आउटरीच प्रोग्राम के तहत केंद्रीय मंत्रियों द्वारा देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों का दौरा करने की योजना है.

इस दौरान मंत्री छात्रों से सीधा संवाद करेंगे, उनके प्रश्नों एवं सुझावों को सुनेंगे और मोदी सरकार की युवा-केंद्रित नीतियों व योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे.