LIVE UPDATE
BilaspurChhattisgarh

भाजपा OBC मोर्चा का शक्ति प्रदर्शन.. डिप्टी सीएम का कांग्रेस पर हमला:…पढ़े किरण देव को क्यों याद आयी रमन सरकार

बिलासपुर। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का संभागीय सम्मेलन बुधवार को बिलासपुर के सिम्स सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें पूरे संभाग से आए कार्यकर्ताओं, विधायकों और मंत्रियों ने सहभागिता दर्ज की। सम्मेलन का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को भाजपा के राष्ट्रव्यापी मिशनों—जातिगत जनगणना, ‘एक देश-एक चुनाव’, ‘संकल्प से सिद्धि तक’, और ‘एक पेड़ मां के नाम’—के प्रति प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात मंचस्थ अतिथियों ने कार्यकर्ताओं को “मिशन मोदी” से जुड़ने का आह्वान किया।

डिप्टी सीएम अरुण का कांग्रेस पर प्रहार

मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, “देश में सबसे बड़ी आबादी वाले पिछड़ा वर्ग को कांग्रेस ने दशकों तक केवल छलने का काम किया।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने न तो पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया, न ही आरक्षण सुनिश्चित किया। वहीं भाजपा ने सत्ता में आते ही ओबीसी हितों को प्राथमिकता दी और आयोग को संवैधानिक मान्यता दिलाई।

अरुण साव ने कहा कि आज जब कांग्रेस की सत्ता में वापसी की कोई संभावना नहीं है, तब वह जातिगत जनगणना की आड़ में पिछड़ा वर्ग की भावनाओं से खेल रही है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सच्ची नीयत और नीति के साथ जातिगत जनगणना का संकल्प लिया है, जो पिछड़ा वर्ग के हितों के लिए मील का पत्थर साबित होगा।”

 किरणदेव : रमन सरकार में ऐतिहासिक कार्य

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने ओबीसी वर्ग के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति से लेकर स्वास्थ्य बीमा, पीडीएस व्यवस्था, आवास योजना और छात्रावास विस्तार जैसे कदम पिछड़ा वर्ग के सशक्तिकरण की मिसाल हैं।

उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने मंत्रिमंडल और स्थानीय निकायों में ओबीसी वर्ग को भरपूर प्रतिनिधित्व दिया, जिसकी मिसाल ओबीसी आरक्षण को 50% तक बढ़ाना है।

धरमलाल: ‘संकल्प से सिद्धि’ की राह पर भारत

बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने कहा, “देश आज आत्मनिर्भरता की दिशा में जिस गति से आगे बढ़ रहा है, वह 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को अवश्य पूरा करेगा।”

अन्य दिग्गज वक्ताओं ने किया संबोधित

सम्मेलन को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश चंद्राकर, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, महामंत्री खिलावन साहू, और महापौर राजेश सूर्यवंशी ने भी संबोधित किया। स्वागत भाषण कार्यक्रम की संयोजक रितु चौरसिया ने दिया जबकि राजेश यादव ने आभार प्रकट किया। संचालन दिलेंद्र कौशिक ने किया।

दिग्गजों की विशिष्ट उपस्थिति

कार्यक्रम में मंत्री लखनलाल देवांगन, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, प्रणव मरपच्ची, प्रेमचंद पटेल, पूर्व विधायक नारायण चंदेल, भूपेन्द्र सवन्नी, मोहित जायसवाल, दीपक सिंह, कृष्णकुमार कौशिक, शैलेन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close