IAS Transfer- ब्यूरोक्रेसी में बड़ा फेरबदल.. यूपी, बिहार और राजस्थान में IAS अफसरों के तबादले, शादी के बाद कई अधिकारियों को मिला नया कैडर
गरिमा नरूला, उपखंड अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट अजमेर अपने पद के पद के कार्य के साथ-साथ उपखंड अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट किशनगढ़ (अजमेर) पद का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगी।

IAS Transferदेश के प्रशासनिक गलियारों में इस सप्ताह बड़ी हलचल देखी गई है, जहाँ उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार समेत केंद्र सरकार ने कई भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। 9 और 10 मार्च 2026 को जारी किए गए आधिकारिक आदेशों के अनुसार, कई अफसरों को नई नियुक्तियां दी गई हैं, तो कुछ को अतिरिक्त कार्यभार सौंपकर उनकी जिम्मेदारियों में इजाफा किया गया है।
उत्तर प्रदेश में शासन ने आईएएस अधिकारी रोहित आनंद की प्रतीक्षा सूची को समाप्त करते हुए उन्हें अपर आयुक्त, उद्योग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के प्रबंध निदेशक (MD) जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपी है। यह नियुक्ति राज्य में औद्योगिक विकास की गति को तेज करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बिहार प्रशासनिक खेमे में भी बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। वर्तमान में विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव पद पर तैनात आईएएस अधिकारी प्रतिमा सतीश कुमार वर्मा को अब नई दिल्ली स्थित बिहार भवन के स्थानिक आयुक्त कार्यालय में विशेष कार्य पदाधिकारी (OSD) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
गौरतलब है कि वह पहले से ही मिशन निदेशक, बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी के पद की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं। इसी क्रम में, केंद्र सरकार ने अंतर-कैडर स्थानांतरण के तहत आईएएस अंकुर त्रिपाठी को असम-मेघालय कैडर से बदलकर बिहार कैडर में नियुक्त किया है। अंकुर त्रिपाठी का यह स्थानांतरण आईएएस अधिकारी कृतिका मिश्रा से विवाह के आधार पर किया गया है, जिससे अब वे बिहार में अपनी सेवाएं देंगे।
राजस्थान में भी प्रशासनिक ढाँचे को मजबूती देने के लिए उपखंड स्तर पर फेरबदल किया गया है। अजमेर की उपखंड अधिकारी (SDM) गरिमा नरूला को अब अपने वर्तमान पद के साथ-साथ किशनगढ़ (अजमेर) के उपखंड अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, भीलवाड़ा में सहायक कलेक्टर के पद पर कार्यरत अरुण कुमार जैन को 26 मार्च 2026 तक के लिए भीलवाड़ा के उपखंड अधिकारी और उपखंड मजिस्ट्रेट का एडिशनल चार्ज दिया गया है।

इसके साथ ही, राजस्थान सरकार ने रजत यादव और अक्षत कुमार सिंह की सेवाओं को ‘राजस्थान स्टेट सर्विस डिलीवरी वार रूम’ जयपुर में स्थानांतरित कर दिया है, जिससे राज्य की सेवा वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
केंद्र सरकार द्वारा जारी आदेशों में कुछ बेहद चर्चित आईएएस अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं, जिनका कैडर विवाह के आधार पर बदला गया है। अपनी शादी के बाद आईएएस अधिकारी रवि कुमार सिहाग को मध्य प्रदेश कैडर से स्थानांतरित करके एजीएमयूटी (AGMUT) कैडर में नई तैनाती दी गई है; उनका विवाह आईएएस इशिता राठी से हुआ है। इसी तरह, आईएएस अधिकारी श्वेता से विवाह के उपरांत आईएएस विद्यांशु शेखर को झारखंड कैडर से उत्तर प्रदेश कैडर में भेज दिया गया है।




