LIVE UPDATE
Chhattisgarh

बड़ी कारवाई…14 लाख की ट्रामाडोल जब्त, ओडिशा लिंक का खुलासा

नशीली कैप्सूल बरामद, मेडिकल स्टोर कनेक्शन से खुली सप्लाई चेन की परतें

जगदलपुर… शहर में युवाओं तक पहुंच रही प्रतिबंधित नशीली टेबलेटों के नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में 14 लाख रुपये से अधिक कीमत की ट्रामाडोल कैप्सूल जब्त की गई है। मामला जगदलपुर के बोधघाट थाना क्षेत्र का है, जहां सूचना के आधार पर छापेमार कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 12 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि गंगामुंडा चौपाटी के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक बोरी में प्रतिबंधित दवाएं रखकर युवाओं को बेच रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद टीम ने मौके पर दबिश दी और स्थानीय निवासी नरेंद्र सिंह ठाकुर (36) को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह दवाएं ओडिशा के नबरंगपुर से लाता था। इसके बाद पुलिस टीम ओडिशा रवाना हुई और नबरंगपुर स्थित लक्ष्मी मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई कर वुन्ना रामाकृष्णा राव को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित दवाओं की आपूर्ति की जा रही थी।

कार्रवाई में कुल 2,358.4 ग्राम ट्रामाडोल (440 पत्ते, 3,520 नग) जब्त की गई, जिसकी खुदरा कीमत लगभग 14 लाख 8 हजार रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों को विशेष न्यायालय एनडीपीएस में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

प्राथमिक जांच में यह संकेत मिला है कि नबरंगपुर से दवाएं लाकर स्थानीय स्तर पर युवाओं के बीच सप्लाई की जा रही थीं। पुलिस अब सप्लाई चेन और संभावित अन्य संपर्कों की पड़ताल कर रही है।

जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नागरिकों से भी अपील की गई है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि युवाओं को नशे के जाल से बचाया जा सके।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close