LIVE UPDATE
Bilaspur

हाईवे पर आग का तांडव: ट्रेलरों की भिड़ंत के बाद जिंदा जला चालक : नींद की झपकी से हुआ भीषण हादसा

संबलपुरी ओवरब्रिज के पास धधकता रहा ट्रेलर—घंटों जाम

बिलासपुर… जिले के सकरी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने दिल दहला दिया। संबलपुरी ओवरब्रिज के पास दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर के बाद लगी आग में एक चालक जिंदा जल गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कोयले से लदा एक ट्रेलर बिलासपुर से रायपुर की ओर जा रहा था। ओवरब्रिज के पास पहुंचते ही चालक को झपकी आई और वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे दूसरे ट्रेलर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रेलर में तुरंत आग भड़क उठी।

आग तेजी से फैली और चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। ट्रेलर के केबिन में फंसा चालक जिंदा जल गया। मृतक की पहचान बिहार निवासी अरविंद भारद्वाज के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से जला हुआ शव बरामद किया।

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल को सूचना दी। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था।

इस दुर्घटना के चलते नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात घंटों तक प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर आवागमन बहाल करने की कार्रवाई शुरू की है। मामले में केस दर्ज कर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close