Eng Vs Ind: दिल्ली/ टेस्ट क्रिकेट की सफेद जर्सी… सामने दुनिया के बेहतरीन गेंदबाज़… और क्रीज़ पर ऋषभ पंत! पिछले कुछ सालों में क्रिकेट फैंस के लिए यह कॉम्बिनेशन किसी ब्लॉकबस्टर फिल्म से कम नहीं रहा है. अपनी तूफानी बल्लेबाज़ी, एक हाथ से लगाए गए छक्के और अतरंगी शॉट्स से पंत ने टेस्ट क्रिकेट को एक नया रोमांच दिया है. लेकिन अब यह खिलाड़ी सिर्फ बल्ले से ही नहीं, बल्कि अपने जश्न मनाने के अंदाज़ से भी महफिल लूट रहा है.

बल्ले से मचाया तूफान, जश्न से जीता दिल
ऋषभ पंत जब लय में होते हैं, तो विरोधी टीम के कप्तान और गेंदबाज़ ही नहीं, बल्कि उनके अपने ड्रेसिंग रूम की धड़कनें भी बढ़ी रहती हैं. स्पिनर को आगे बढ़कर खेलना हो या तेज़ गेंदबाज़ को स्कूप शॉट लगाना, पंत का खेलने का अंदाज़ ही निराला है.

कई बार तो वह बड़े शॉट लगाने के चक्कर में पिच पर गिर भी जाते हैं, लेकिन गेंद बाउंड्री के पार ही मिलती है.

ऐसी ही एक पारी के दौरान जब पंत ने अपना शतक पूरा किया, तो उन्होंने कुछ ऐसा किया जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी. 99 रन पर खेलते हुए उन्होंने गेंद को फैंस के बीच भेजकर अपना शतक पूरा किया. इसके बाद उन्होंने हेलमेट और बल्ला ज़मीन पर रखा और मैदान पर ही एक शानदार कलाबाजी (Cartwheel) कर डाली! पंत का शतक जितना विस्फोटक था, उनका जश्न उससे भी कहीं ज़्यादा मनोरंजक था.

सचिन से सहवाग तक, सब हुए पंत के अंदाज़ के कायल
पंत के इस अनोखे सेलिब्रेशन ने क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर से लेकर विस्फोटक बल्लेबाज़ वीरेंद्र सहवाग तक का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने उनकी तारीफ करते हुए लिखा, “पंत का जश्न भी उतना ही मनोरंजक है, जितनी उनकी बल्लेबाजी. बहुत बढ़िया ऋषभ.”

वहीं, अपने मज़ाकिया अंदाज़ के लिए मशहूर वीरेंद्र सहवाग ने इस मौके पर चौका मार दिया. उन्होंने पंत की इस कलाबाजी को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से जोड़ते हुए कहा कि यह योग का एक बेहतरीन आसन है. सहवाग के इस ट्वीट ने पंत के जश्न को और भी यादगार बना दिया.