LIVE UPDATE
Chhattisgarh

शादी में शर्मनाक हरकत, सदमे में नाबालिग की मौत — आरोपी गिरफ्तार

शादी की रात की घटना, सुबह मिली नाबालिग की लाश — आरोपी सलाखों के पीछे

कोरबी/पसान… कोरबी चौकी क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां विवाह समारोह में हुई छेड़छाड़ से आहत एक नाबालिग ने जीवन समाप्त कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में गहरा आक्रोश और संवेदना का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

विवाह समारोह में हरकत से टूटी हिम्मत

जानकारी के अनुसार, नाबालिग 7 तारीख को अपने पिता के साथ नवापारा से बाबूपारा में आयोजित एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। रात करीब 8 बजे जब उसके पिता कुछ देर के लिए वहां से हटे, उसी दौरान खेत की ओर से बेटी के रोने की आवाज सुनाई दी।

पिता जब मौके पर पहुंचे तो एक युवक को वहां से भागते देखा। बाद में पता चला कि युवक विवाह समारोह के दौरान नाबालिग के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। आरोपी की पहचान सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम अन्नपूर्णा निवासी नरेंद्र के रूप में हुई।

लौटने के बाद गहराया मानसिक आघात

घटना के बाद पिता अपनी बेटी को अगले दिन वापस छिदिया स्थित घर ले आए। बताया जा रहा है कि घटना के बाद किशोरी काफी सहमी हुई और मानसिक रूप से परेशान थी।

कुछ समय बाद वह घर से निकल गई। परिजनों ने जब तलाश शुरू की तो छिदिया नर्सरी में उसका शव फंदे से लटका मिला। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

मामले की सूचना मिलते ही पसान थाना के अंतर्गत कोरबी चौकी पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी नरेंद्र के खिलाफ अपहरण, छेड़छाड़, आत्महत्या के लिए प्रेरित करने और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button