LIVE UPDATE
आपणों राजस्थान

Aaj ka mausam : राजस्थान में बढ़ेगी गर्मी, आंधी-बारिश के बाद 44-45 डिग्री तक जाएगा तापमान, दिल्ली में भी नहीं मिलेगी राहत

राजस्थान के कई जिलों में आज आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। कल से तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है।

Aaj ka mausam : राजस्थान में गर्मी से राहत की उम्मीद फिलहाल क्षीण होती नजर आ रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि प्रदेश में एक बार फिर से भीषण गर्मी का नया दौर शुरू होने जा रहा है। 13 मई के बाद से तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में लू जैसी स्थिति बन सकती है।

हालांकि सोमवार को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ क्षेत्रों में मेघ गर्जना के साथ आंधी और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई थी, लेकिन ये राहत क्षणिक ही रहने वाली है। बीते 24 घंटों में बीकानेर में सबसे अधिक 42.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जिससे साफ है कि गर्मी अब अपने चरम की ओर बढ़ रही है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश की गतिविधियों में 13 मई से कमी आएगी, जिसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। खासकर जोधपुर और बीकानेर संभाग के सीमावर्ती इलाकों में 14 मई से अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। यह स्तर भीषण गर्मी के संकेत हैं और लोगों को लू से सावधान रहने की सलाह दी गई है।

राजधानी दिल्ली का मौसम भी इस भीषण गर्मी से अछूता नहीं रहेगा। सोमवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के बावजूद अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Aaj ka mausam : वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 137 दर्ज किया गया, जो कि ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। हालांकि यह स्थिति फिलहाल खतरनाक नहीं है, लेकिन लगातार बढ़ते तापमान और प्रदूषण स्तर से स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है।

Back to top button
close