50 हजार दो, नहीं तो जेल जाओ’—धमकी देकर उगाही करने वाला गिरफ्तार
थाने के नाम पर वसूली का खेल: रेप केस की धमकी देकर पैसे मांगने वाला पकड़ा गया

रायगढ़…दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठने की कोशिश करने वाले एक आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला घरघोड़ा इलाके का है, जहां आरोपी ने एक युवक और उसके परिवार को निशाना बनाकर उगाही का दबाव बनाया।
जानकारी के मुताबिक, घरघोड़ा निवासी एक युवक का धरमजयगढ़ की एक युवती के साथ संबंध था। 7 मई को आपसी विवाद के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे, लेकिन बातचीत के बाद मामला सुलझ गया और किसी भी तरह की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।
यहीं से खेल शुरू हुआ। युवक के साथ थाने गए श्याम भोजवानी नाम के व्यक्ति ने उसी शाम उसके घर पहुंचकर परिवार को धमकाया कि मामला दबाने के लिए थाने में पैसे देने होंगे, नहीं तो दुष्कर्म का केस लगाकर जेल भिजवा दिया जाएगा।
आरोपी ने पहले 50 हजार रुपये की मांग की, बाद में 40 हजार पर अड़ गया। वह लगातार फोन कर युवक और उसकी मां पर दबाव बनाता रहा।
परिवार ने दबाव में आने के बजाय पुलिस का रुख किया। 9 मई को थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसमें साफ कहा गया कि किसी भी पुलिस अधिकारी ने पैसे नहीं मांगे थे।
पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग को सबूत के तौर पर जब्त किया। इसके आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर 10 मई को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का साफ कहना है—कानून या पुलिस का डर दिखाकर पैसे मांगना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में चुप रहने के बजाय तुरंत शिकायत करें।





