केबल चोर गिरोह बेनकाब, शहर में सेंधमारी का आरोपी भी दबोचा: पुलिस की दोहरी कार्रवाई से अपराधियों में खलबली
मोबाइल टावर से लाखों के तार उड़ाने वाला गैंग गिरफ्तार

बिलासपुर..जिले में चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने एक साथ दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देकर संगठित अपराध और स्थानीय वारदातों दोनों पर सख्त संदेश दिया है। सीपत थाना क्षेत्र में मोबाइल टावर से केबल तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ, वहीं सिटी कोतवाली पुलिस ने घर में सेंधमारी कर नकदी चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मोबाइल टावर चोर गिरोह का खुलासा
सीपत पुलिस को सूचना मिली थी कि खम्हरिया क्षेत्र में कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं, जो दिन में कमरे में रहते हैं और रात में आर्टिका कार से निकलते हैं। इस सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर शहबाज अली, जगदीश पटेल और मोईउद्दीन को पकड़ा। पूछताछ में तीनों ने कबूल किया कि पिछले चार-पांच महीनों से अपने साथियों और तीन विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर अलग-अलग जिलों में मोबाइल टावरों से केबल तार चोरी कर रहे थे।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक क्विंटल से अधिक छीला हुआ कॉपर वायर, 54 किलो प्लास्टिक कोटेड केबल, 12 बंडल एल्युमिनियम तार और वारदात में प्रयुक्त आर्टिका कार बरामद की। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2.90 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
घर में सेंधमारी का आरोपी भी गिरफ्तार
इसी दिन सिटी कोतवाली क्षेत्र में घर की आलमारी से 10 हजार रुपये चोरी करने वाले आरोपी को भी पुलिस ने पकड़ लिया। जूनी लाइन निवासी प्रार्थी की शिकायत पर दर्ज मामले में जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान शिवा यादव के रूप में हुई।
पुलिस ने मुखबिर सूचना पर गोंडपारा क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया और बताया कि 10 हजार में से 8 हजार रुपये खर्च कर चुका है। उसके पास से शेष 2 हजार रुपये बरामद किए गए। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
संगठित नेटवर्क पर निगरानी
एक ही दिन में दो अलग-अलग स्तर की कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि पुलिस संगठित गिरोह से लेकर छोटे अपराध तक हर स्तर पर सक्रिय है और लगातार निगरानी के जरिए कार्रवाई जारी रखे हुए है।





