पुराना बस स्टैंड बना सट्टे का ठिकाना, पुलिस ने तोड़ा खेल..नकदी-मोबाइल संग आरोपी गिरफ्तार
शहर में फिर सक्रिय सट्टा नेटवर्क, पुलिस की घेराबंदी में आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर…शहर में सट्टा कारोबार पर कार्रवाई करते हुए तारबाहर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुराना बस स्टैंड हनुमान मंदिर के पास सट्टा पट्टी लिखते हुए आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लोगों को पैसे का लालच देकर अंकों पर दांव लगवा रहा है और सट्टा पट्टी लिख रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो सट्टा पट्टी, 4500 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। मोबाइल में व्हाट्सएप के माध्यम से सट्टे के लेनदेन के साक्ष्य भी मिले।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुशांत गुलहरे निवासी टिकरापारा, बिलासपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रविंद्र अनंत के नेतृत्व में की गई।





