तेज रफ्तार का कहर: ट्रेलर ने दंपति को रौंदा, पत्नी की मौके पर मौत
सड़क पर बिखरा परिवार, ट्रेलर की टक्कर से पत्नी की मौत

बिलासपुर.. नेशनल हाईवे 130 पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर ने मोपेड सवार दंपति को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बिलासपुर रेफर किया।
बेलतरा जा रहे थे दंपति
ग्राम सलखा (बेलतरा) निवासी रामायण कश्यप (55 वर्ष) सुबह करीब 9:30 बजे अपनी पत्नी गीता कश्यप ke साथ मोपेड क्रमांक सीजी 12 बीयू 9771 से बेलतरा की ओर निकले थे। जैसे ही वे हाईवे पर चढ़े, बिलासपुर दिशा से आ रहे ट्रेलर क्रमांक सीजी 12 एयू 2454 ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद गीता कश्यप सड़क पर गिर गईं और गंभीर चोटों के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। रामायण कश्यप भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
108 और 112 की टीम पहुंची
राहगीरों ने तुरंत डायल 108 और 112 को सूचना दी। टीम ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर पहुंचाया। हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया।
ट्रेलर जब्त, चालक फरार
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन मौके पर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और फरार चालक की तलाश में पुलिस टीम जुटी है।





