LIVE UPDATE
Chhattisgarh

सड़क पर बिछी मौत की साजिश बेनकाब: बीजापुर में 20 किलो IED निष्क्रिय, हिल्स से विस्फोटक जखीरा जब्त

सड़क के बीच लगाए दो 10-10 किलो IED निष्क्रिय, ताड़पाला हिल्स से विस्फोटक सामग्री बरामद

बीजापुर… नक्सल प्रभावित इलाके में सुरक्षा बलों ने एक बार फिर बड़ी साजिश को वक्त रहते विफल कर दिया। ईलमिडी थाना क्षेत्र में जवानों ने सड़क के बीचों-बीच दबाकर रखे दो 10-10 किलो के IED बरामद कर मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिए। समय पर कार्रवाई नहीं होती तो आवागमन के दौरान भारी जनहानि की आशंका थी।

सड़क को बनाया था निशाना

ईलमिडी–मुजालकांकेर मार्ग पर एरिया डॉमिनेशन और डिमाइनिंग के लिए निकली संयुक्त टीम ने तलाशी के दौरान संदिग्ध गतिविधि पकड़ी। छसबल 9/D कंपनी और बीडीएस बीजापुर की टीम ने तकनीकी प्रक्रिया अपनाते हुए सड़क के बीच दबाए गए दोनों IED खोज निकाले। निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बीडीएस ने मौके पर ही विस्फोटकों को निष्क्रिय कर नष्ट किया। कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टीम की सतर्कता और समन्वित रणनीति साफ दिखाई देती है।

ताड़पाला हिल्स में भी सघन अभियान

उसूर थाना क्षेत्र में केरिपु 196 वाहिनी और कोबरा 204 की संयुक्त टीम ने ताड़पाला हिल्स एरिया में सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान दो अलग-अलग स्थानों से जमीन में छिपाकर रखी गई माओवादी सामग्री बरामद हुई। प्लास्टिक ड्रम और पॉलिथिन में विस्फोटक, राशन और अन्य सामान रखा गया था, जिसे जब्त कर लिया गया।

लगातार दबाव से कमजोर पड़ रही गतिविधियां

सुरक्षा बलों ने स्पष्ट किया कि प्रभावित क्षेत्रों में गश्त, निगरानी और डिमाइनिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। बार-बार की कार्रवाई से नक्सलियों की रणनीति पर असर पड़ रहा है और उनकी साजिशें उजागर हो रही हैं।

यह ऑपरेशन साफ संकेत देता है कि सड़क मार्गों को निशाना बनाकर दहशत फैलाने की कोशिशों को अब पहले ही चरण में नाकाम किया जा रहा है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close