सड़क पर आतिशबाज़ी कर जन्मदिन मनाया ,मामला दर्ज

सूरजपुर । लॉ एंड ऑर्डर यानी कानून व्यवस्था भारत के संविधान की सातवीं अनुसूची के तहत राज्य का विषय है। अपराध की रोकथाम, पंजीकरण, जांच और आरोपियों पर कार्रवाई करना राज्य सरकार का दायित्व होता है, जिसे पुलिस अमल में लाती है।
इसी कड़ी में सूरजपुर जिले की पुलिस के संज्ञान में सोशल मीडिया पर एक वीडियो आया, जिसमें कुछ युवक सड़क जाम कर बीच मार्ग में जन्मदिन मनाते दिखाई दे रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।
प्रशांत कुमार ठाकुर (डीआईजी एवं एसएसपी, सूरजपुर) ने तत्काल आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया।
जांच में पता चला कि 16 फरवरी 2026 की रात लगभग 10 से 11 बजे के बीच अंबिकापुर–बनारस मार्ग पर सोनवाही स्थित आरव रेस्टोरेंट के सामने अमितेश गुप्ता, अंशुल अग्रवाल और उनके 4–5 अन्य साथियों ने सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित किया और आतिशबाजी करते हुए जन्मदिन मनाया।
इस मामले में चौकी लटोरी, थाना जयनगर द्वारा अपराध क्रमांक 54/2026 के तहत धारा 285 एवं 126(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है। एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीमें आरोपियों की संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।





