LIVE UPDATE
Chhattisgarh

10 लाख के काम में 25 हजार की घूस लेते SDO गिरफ्तार, पलारी जनपद में ACB की ट्रैप कार्रवाई

बलौदाबाजार

.पलारी जनपद पंचायत में पदस्थ ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मामला गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भवानीपुर का है, जहां स्कूल खेल मैदान में मुरूम बिछाने का लगभग 10 लाख रुपये का कार्य हुआ था।

फाइल आगे बढ़ाने के बदले 1 लाख की मांग

काम पूरा होने के बाद भी भुगतान और अंतिम मूल्यांकन लंबित रहा। आरोप है कि एसडीओ ने फाइल आगे बढ़ाने और अनुकूल सत्यापन रिपोर्ट देने के बदले सरपंच से 1 लाख रुपये की मांग की। बातचीत के बाद रकम 80 हजार रुपये पर तय हुई। शिकायतकर्ता 20 हजार रुपये पहले दे चुका था। शेष राशि के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

25 हजार की दूसरी किस्त लेते  दबोचा

परेशान शिकायतकर्ता ने ACB रायपुर में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक सत्यापन के बाद टीम ने ट्रैप बिछाया। गुरुवार को 25 हजार रुपये की दूसरी किस्त दी जानी थी। तय योजना के अनुसार जैसे ही एसडीओ ने नकद राशि हाथ में ली, पहले से तैनात 15 सदस्यीय टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया। रिश्वत की रकम जब्त की गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू हुई।

प्रमोशन के बाद संभाला था पद

गोपाल कृष्ण शर्मा पहले पलारी जनपद पंचायत में सब इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। प्रमोशन के बाद उसने एसडीओ का पद संभाला था।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला

ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। पूछताछ जारी है। टीम यह भी जांच कर रही है कि सत्यापन और भुगतान प्रक्रिया में कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी शामिल तो नहीं है। संबंधित दस्तावेजों की छानबीन की जा रही है।

जनपद कार्यालय में हलचल

कार्रवाई के बाद पलारी जनपद पंचायत कार्यालय में हलचल तेज हो गई। कर्मचारी मूल्यांकन और भुगतान प्रक्रिया को लेकर चर्चा करते रहे। स्थानीय ग्रामीणों ने कार्रवाई का स्वागत किया।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close