शांत मोहल्ला, अंदर ही अंदर नशे का कारोबार—पुलिस कार्रवाई में महिला गिरफ्तार
घर की ओट में नशे का धंधा, डेढ़ किलो गांजा के साथ महिला पकड़ी गई

बिलासपुर..शहर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए सरकंडा थाना पुलिस ने चिंगराजपारा क्षेत्र से गांजा बिक्री में संलिप्त एक महिला को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान महिला के कब्जे से करीब डेढ़ किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत एक लाख चालीस हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि चिंगराजपारा इलाके में एक महिला लंबे समय से चिल्हर स्तर पर गांजा बेच रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने रिकाण्डो अटल आवास के पीछे बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी।
मौके पर मौजूद महिला ने पूछताछ में अपना नाम चंदा बाई राजपूत, निवासी लक्ष्मी चौक, चिंगराजपारा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1 किलो 500 ग्राम गांजा और बिक्री की नगदी राशि बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर महिला को मौके से हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
शहर में लगातार सामने आ रहे नशे के मामलों को देखते हुए पुलिस अब छोटे विक्रेताओं तक सीमित न रहकर पूरे नेटवर्क पर नजर बनाए हुए है। सरकंडा पुलिस की यह कार्रवाई उसी कड़ी का हिस्सा मानी जा रही है, जिसके जरिए नशे की सप्लाई लाइन को तोड़ने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में ऐसी कार्रवाइयों में और तेजी लाई जाएगी।





