LIVE UPDATE
Chhattisgarh

CG News-पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार; डंडे से पीट-पीटकर उतारा था मौत के घाट

वापसी के दौरान पत्नी कुन्ती सेनार बार-बार रास्ते में जमीन पर लेट जा रही थी और घर चलने में आनाकानी कर रही थी। पत्नी के इस व्यवहार से पति रामेश्वर सेनार इतना नाराज हो गया कि उसने अपना आपा खो दिया। आवेश में आकर उसने पास रखे लकड़ी के डंडे से कुन्ती पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गई।

CG News-अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ ग्राम बिसरपानी में एक पति ने मामूली बात पर उपजे विवाद के बाद अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दुखद घटना 17 जनवरी के आसपास की है। आरोपी रामेश्वर सेनार (55 वर्ष) अपने भतीजे के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए मेहमानों को छोड़ने के लिए अपनी पत्नी कुन्ती सेनार (50 वर्ष) के साथ गया था।

वापसी के दौरान पत्नी कुन्ती सेनार बार-बार रास्ते में जमीन पर लेट जा रही थी और घर चलने में आनाकानी कर रही थी। पत्नी के इस व्यवहार से पति रामेश्वर सेनार इतना नाराज हो गया कि उसने अपना आपा खो दिया। आवेश में आकर उसने पास रखे लकड़ी के डंडे से कुन्ती पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गई।

घटना के बाद घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर कमलेश्वरपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। सीएचसी नर्मदापुर और ग्राम बिसरपानी में परिजनों और गवाहों के बयान दर्ज किए गए, जिससे साफ हुआ कि रामेश्वर ने ही अपनी पत्नी पर हमला किया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि

मृतिका के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान पाए गए थे। जिला अस्पताल अंबिकापुर में कराए गए पोस्टमार्टम में डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि महिला की मृत्यु ‘हत्यात्मक प्रकृति’ (Homicidal) की है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी रामेश्वर सेनार से कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है।

Back to top button
close