धरमजयगढ़ में फिर त्रासदी: हाथी के हमले से महिला की मौत..गांव में मातम.. कटघरे में वन विभाग

रायगढ़…जिले में मानव-हाथी द्वंद लगातार भयावह रूप ले रहा है। धरमजयगढ़ क्षेत्र के ग्रामीण हर रात दहशत के साए में जी रहे हैं। ताज़ा घटना बकारुमा रेंज अंतर्गत रेरुमा खुर्द मांझीपारा की है, जहां गुरुवार रात झुंड से भटके एक जंगली हाथी ने 45 वर्षीय महिला को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक महिला, जिसका नाम जगत मांझी की पत्नी बताया जा रहा है, अचानक आए हाथी के हमले का शिकार हो गई। हाथी ने उसे पटक-पटककर कुचल दिया और शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर डाले। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण हादसे से पूरा गांव सन्न है।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, लेकिन ग्रामीणों ने विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि लगातार हो रही जनहानि के बावजूद न तो रोकथाम के ठोस उपाय किए जा रहे हैं और न ही सुरक्षा के इंतज़ाम।
गांव वालों का आक्रोश साफ है – “क्या वन विभाग तभी जागेगा जब हर गांव से शव उठेंगे?”
धरमजयगढ़ में हाथियों का आतंक कोई नई बात नहीं है। कभी फसलों को उजाड़ना, कभी घर तोड़ना और अब जान लेना – यह सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कारगर कदम नहीं उठाए गए तो यह संकट और गहराएगा।





