एसडीओपी पर दुष्कर्म का आरोप.. ब्लैकमेल का सनसनीखेज मामला..पुलिस महकमे में हड़कंप

रायपुर/अंबिकापुर.. बलरामपुर जिले में पदस्थ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एसडीओपी याकूब मेमन पर दुष्कर्म और ब्लैकमेल का गंभीर आरोप लगा है। मामला पुलिस विभाग के लिए गहरे संकट और सवालों का विषय बन गया है। पीड़िता ने सीधे सरगुजा रेंज के आईजी से शिकायत की थी। प्राथमिक जांच के आधार पर अंबिकापुर में जीरो एफआईआर दर्ज की गई। मामला अब रायपुर के टिकरापारा थाने में स्थानांतरित कर दिया गया है।, जहाँ एसडीओपी याकूब मेमन के खिलाफ दुष्कर्म का अपराध दर्ज कर लिया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि जांच पूरी सतर्कता और कड़ी निगरानी में की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, आरोपित अधिकारी और पीड़िता के बीच पुराना परिचय है। पीड़िता कुछ समय तक टिकरापारा स्थित याकूब मेमन के मकान में किराएदार के रूप में रही थी। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि बलरामपुर में पदस्थापना के बाद भी पीड़िता उनके संपर्क में रही और वहां आने-जाने का सिलसिला जारी रहा। अब पीड़िता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि अधिकारी ने न केवल उसका शारीरिक शोषण किया बल्कि ब्लैकमेल कर संबंधों का दुरुपयोग भी किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है। पीड़िता का विस्तृत बयान दर्ज कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में जांच प्रक्रिया पारदर्शी और कठोर तरीके से संचालित होगी। आरोपों की सत्यता और उपलब्ध साक्ष्यों की गहराई से पड़ताल कर कानून के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे।
यह घटना न केवल पुलिस विभाग की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है, बल्कि कानून और व्यवस्था की व्यवस्था में विश्वास को भी चोट पहुँचा रही है।





