LIVE UPDATE
Bilaspur

SECL कबाड़ चोरी कांड: वीडियो वायरल होते ही 6 कर्मचारी निलंबित, कबाड़ी से सामान जब्त

कोरबा… एसईसीएल प्रबंधन में उस समय  हड़कंप मच गया जब कबाड़ चोरी का एक वीडियो वायरल हुआ। मामले में तत्काल एक्शन लेते हुए विजिलेंस विभाग ने 6 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। वहीं, पुलिस ने मुड़ापार बाईपास स्थित कबाड़ी तनवीर की दुकान से चोरी का सामान जब्त कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, घटना मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि एसईसीएल के विभागीय ट्रक में रजगामार, ढेलवाडीह और सिंघाली भूमिगत खदान के लिए लोहे के एंगल, बेयरिंग और अन्य कीमती स्क्रैप लोड कर भेजा गया था। लेकिन कर्मचारियों ने ट्रक को सीधे खदान तक न ले जाकर बीच रास्ते में कबाड़ी की दुकान पर माल बेच दिया। इस पूरे घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला उजागर हुआ।

घटना की जानकारी लगते ही मानिकपुर पुलिस हरकत में आई और मुड़ापार स्थित कबाड़ी की दुकान से सामान जब्त कर जांच शुरू कर दी। वहीं, एसईसीएल मुख्यालय ने इसे गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस जांच कराई और सहेत्तर साय, श्यामचरण, रामचरण, रतिराम, पंचराम और लिपिक संजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

कार्रवाई के बाद कोरबा में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि, पुलिस ने अब तक कर्मचारियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं किया है। यदि अपराध पंजीबद्ध होता है तो कर्मचारियों पर कानूनी शिकंजा और कस सकता है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button