LIVE UPDATE
Bilaspur

25 साल पुरानी याचिका पर फैसला: हाईकोर्ट ने कहा…शराब पर आयात शुल्क उचित..मदिरा कारोबारियों को झटका

बिलासपुर… छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने विदेशी शराब पर आयात शुल्क से संबंधित दो दशक पुरानी याचिकाओं को खारिज कर दिया है। यह फैसला बिलासपुर के शराब कारोबारियों — गोल्डी वाइन प्राइवेट लिमिटेड और सतविंदर सिंह भाटिया— के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, जिन्होंने 2001 में आबकारी विभाग के नोटिस को चुनौती दी थी।

न्यायमूर्ति नरेंद्र कुमार व्यास की एकलपीठ ने कहा कि मध्यप्रदेश अब एक पृथक राज्य इकाई है। इसलिए वहां से छत्तीसगढ़ में शराब लाना अंतरराज्यीय व्यापार के अंतर्गत आएगा, जिस पर आयात शुल्क की मांग अनुचित नहीं मानी जा सकती। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य पुनर्गठन से पूर्व की अवधि में भी, यदि कोई कर योग्य गतिविधि हुई है, तो उस पर कर लागू किया जा सकता है।

जानकारी हो कि आबकारी विभाग, बिलासपुर ने 2000-01 में मंगाई गई विदेशी शराब पर आयात शुल्क के लिए दोनों कारोबारियों को नोटिस जारी किया था। याचिकाकर्ताओं ने तर्क दिया था कि उन्हें उस समय एनओसी के आधार पर शराब लाने की अनुमति दी गई थी। शुल्क की कोई पूर्व जानकारी नहीं दी गई थी। उन्होंने पिछली तिथि से शुल्क लगाए जाने पर व्यापारिक नुकसान की बात भी कही।

कोर्ट ने उनके सभी तर्कों को अस्वीकार करते हुए यह टिप्पणी की कि वर्तमान में लागू व्यवस्था और राज्य की स्वतंत्र हैसियत को ध्यान में रखते हुए, यह शुल्क न्यायोचित और वैध है।

करीब 25 वर्षों बाद आए इस निर्णय को विधिक दृष्टि से मील का पत्थर माना जा रहा है। जो यह संकेत देता है कि अंतरराज्यीय व्यापार में शुल्क और कर संबंधी विवादों को ऐतिहासिक आधार पर छूट नहीं दी जा सकती।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close