LIVE UPDATE
Bilaspur

सड़क की दुर्दशा देखिए, फिर कोर्ट आइए” – हाईकोर्ट ने NHAI अफसर को उसी खराब हाईवे से बुलाया

बिलासपुर…छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और न्यायधानी बिलासपुर को जोड़ने वाला नेशनल हाईवे अब सिर्फ गड्ढों और लापरवाही का रास्ता बनकर रह गया है। इसकी बदहाल स्थिति को लेकर बिलासपुर हाई कोर्ट में दाखिल एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा की अध्यक्षता वाली डिवीजन बेंच ने कड़ा रुख अपनाया

सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने NHAI के प्रोजेक्ट मैनेजर को आदेश दिया है कि वे खुद उसी टूटी-फूटी सड़क से यात्रा कर मंगलवार को कोर्ट में उपस्थित हों। कोर्ट ने यह निर्देश इसलिए दिया ताकि अधिकारी स्वयं उस दर्द को महसूस कर सकें, जिससे लाखों नागरिक रोज़ाना गुजरते हैं।

“ हलफनामों से काम नहीं चलेगा” – कोर्ट 

मुख्य न्यायाधीश ने मामले की सुनवाई के दौरान NHAI की तरफ से उपस्थित अधिवक्ता मिस्टर वानखेड़े से सवाल किया कि क्या उन्होंने खुद हाल ही में रायपुर-बिलासपुर सड़क मार्ग से सफर किया है। कोर्ट ने गुस्से में कहा,
“स्टॉपर बेतरतीब फेंके हैं, पैचवर्क अधूरा है, सड़क पर छोड़ा गया मटेरियल जानलेवा बन गया है। दुर्घटनाएं हो रही हैं, जानें जा रही हैं – फिर भी जिम्मेदारी से बचा जा रहा है?”

बेंच ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि अब हर पेशी पर NHAI के जिम्मेदार अफसर को इसी बदहाल सड़क मार्ग से आना होगा, ताकि वे वास्तविक हालात की पीड़ा को समझें और कोर्ट में सिर्फ रिपोर्ट या हलफनामा देकर पल्ला न झाड़ें।

जनहित में जारी रहेगा दबाव

बिलासपुर हाई कोर्ट की यह सक्रियता सड़कों की बदहाली पर सरकारी लापरवाही को कठघरे में खड़ा कर रही है। मंगलवार को भी इस मामले में सुनवाई जारी रहेगी, जिसमें अदालत आगे की रणनीति तय कर सकती है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button