पति के जुल्म से टूटी मां… जिगर के टुकड़े को नदी में फेंकने की कोशिश… भीड़ और पुलिस ने बचाई जान

अमरावती महाराष्ट्र…. घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। एक मां, जो पति की प्रताड़ना और घरेलू कलह से तंग आ चुकी थी, उसने अपने लगभग एक साल के मासूम को नदी में फेंकने की कोशिश की। यह दिल दहला देने वाला दृश्य वहां मौजूद लोगों ने देखा और चीख-पुकार मच गई।
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला अचानक मासूम को पुल से नीचे फेंकने लगी, तभी आसपास मौजूद नागरिकों ने शोर मचाकर भीड़ जुटा ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लगभग 20 मिनट की मशक्कत और समझाइश के बाद महिला को शांत कर मासूम की जान बचाई।
इस सनसनीखेज घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर किन हालात में एक मां को इतना कठोर कदम उठाने की नौबत आ जाती है।
पुलिस ने बताया कि अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन यदि होती है तो महिला पर भारतीय दंड संहिता की धारा 307 हत्या का प्रयास समेत बाल संरक्षण कानून और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई हो सकती है।
फिलहाल महिला को समझाकर घर भेजा गया है, जबकि इलाके में इस घटना को लेकर दहशत और संवेदनशील माहौल है।





