दोस्ती का सफर बना मौत का सफर, साथ ले गया दोस्त ही निकला कातिल
सुबह साथ निकले, शाम तक खुला कत्ल — दोस्त ने ही ली जान

रायपुर… फाफाडीह स्थित खारुन विहार रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी के पीछे नाले के पास मिली युवक की लाश के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे में हत्या की गुत्थी सुलझा ली। जिस युवक के साथ मृतक घर से घूमने निकला था, वही हत्या का आरोपी निकला।
नाले के पास मिला था शव
5 मार्च की सुबह करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कॉलोनी के पीछे नाले के पास एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही मध्य जोन डीसीपी, एडिशनल डीसीपी, कोतवाली एसीपी और थाना पुलिस की टीम फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
मृतक की पहचान राजा साहू के रूप में
जांच में मृतक की पहचान राजा साहू (25) निवासी चुनाभट्ठी, थाना गंज क्षेत्र के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि वह सुबह करीब 8 बजे एक परिचित युवक के साथ घर से निकला था।
सीसीटीवी से खुली हत्या की परत
पुलिस ने मृतक के घर और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बिट्टू यादव (19) निवासी चुनाभट्ठी मृतक के साथ जाते हुए दिखाई दिया और वही घटनास्थल के आसपास भी मौजूद मिला।
पैसे के विवाद में हत्या
पुलिस ने घेराबंदी कर बिट्टू यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की बाइक में हुई टूट-फूट का पैसा वह राजा साहू से मांग रहा था। कई बार पैसे मांगने के बावजूद रकम नहीं मिलने से दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। सुबह घूमने के दौरान बहस इतनी बढ़ी कि आरोपी ने गुस्से में हमला कर दिया और मौके से भाग गया।
12 घंटे में आरोपी गिरफ्त में
डीसीपी सेंट्रल जोन के मार्गदर्शन में पुलिस ने सीसीटीवी विश्लेषण, पतासाजी और साक्ष्य संकलन के लिए अलग-अलग टीम बनाई। इसी कार्रवाई के तहत घटना के 12 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।





