LIVE UPDATE
Bilaspur

अस्पताल की भीड़ में चल रहा था चोरी का खेल: सिम्स से 5 बाइक बरामद, 2 नाबालिग समेत खरीददार गिरफ्तार

सिम्स अस्पताल बना बाइक चोरों का निशाना: 5 दोपहिया बरामद

बिलासपुर…शहर के सबसे व्यस्त चिकित्सा संस्थान सिम्स अस्पताल परिसर से लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। संयुक्त कार्रवाई में 5 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। मामले में दो अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है, जबकि चोरी की बाइक खरीदने वाले अल्ताफ उर्फ मोमिन को भी गिरफ्तार किया गया है।

अस्पताल परिसर बना आसान निशाना

पिछले कुछ समय से सिम्स अस्पताल परिसर से लगातार दोपहिया वाहन चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध कर जांच की जा रही थी। इसी दौरान 27 जनवरी को सरकंडा थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान दो किशोर एक एक्टिवा को संदिग्ध स्थिति में चलाते मिले। एप आधारित सत्यापन में वाहन चोरी का निकला और मामला सिटी कोतवाली के अपराध से जुड़ा पाया गया।

पूछताछ में खुला पूरा नेटवर्क

संयुक्त टीम की पूछताछ में 17 वर्षीय किशोर ने अपने 15 वर्षीय साथी के साथ मिलकर सिम्स अस्पताल परिसर से कई मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर 5 वाहन बरामद किए गए, जिनमें—एक्टिवा CG12-AJ-5669
पल्सर CG10-AB-4435, एचएफ डीलक्स CG10-AG-3732, हीरो होंडा पैशन प्रो CG10-EK-3906
एक काले रंग की बिना नंबर एक्टिवा शामिल हैं। आरोपियों ने नांदघाट दामाखेड़ा टेमरी मेला क्षेत्र से भी एक एक्टिवा चोरी करना कबूला है।

2 हजार में खरीदी चोरी की बाइक

जांच में यह भी सामने आया कि हीरो होंडा पैशन प्रो को अल्ताफ उर्फ मोमिन, निवासी अशोक नगर मुरूम खदान खमतराई सरकंडा को मात्र 2000 रुपये में बेच दिया। पुलिस ने खरीददार के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2) के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया है।

संगठित ढंग से हो रही थी वारदात

प्राथमिक जांच से संकेत मिलते हैं कि अस्पताल परिसर की भीड़भाड़ और लापरवाह पार्किंग का फायदा उठाकर आरोपियों ने वाहनों को आसान निशाना बनाया। बरामदगी के बाद पुलिस अब अन्य संभावित वारदातों और संलिप्त व्यक्तियों की भी पड़ताल कर रही है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर वाहन पार्क करते समय अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में वाहन चोरी के मामलों में निगरानी और सख्ती आगे भी जारी रहेगी।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close